18 सवारियों और छत पर बैठे बच्चों के साथ दौड़ रही ई-रिक्शा, चालक पर केस दर्ज, आरसी सस्पेंड
लखीमपुर खीरी। जिले के सिसैया रोड पर क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां लेकर चल रही एक ई-रिक्शा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में छह सीटर ई-रिक्शा में करीब 18 सवारियां बैठी दिखाई दे रही हैं, जबकि आधा दर्जन बच्चे रिक्शा की छत पर बैठे नजर आ रहे हैं।वीडियो का संज्ञान लेते हुए एआरटीओ ने ई-रिक्शा की आरसी (पंजीकरण प्रमाणपत्र) निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और वाहन स्वामी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं ईसानगर पुलिस ने भी मामले की जांच कर ई-रिक्शा को सीज कर दिया है तथा चालक के खिलाफ ईसानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया है।प्रशासन का कहना है कि इस तरह क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाना लोगों की जान को खतरे में डालना है। यदि वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाता या छत पर बैठे बच्चे गिर जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की है।
Hardoi, Hardoi | Jul 31, 2026