सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने अवैध हथियार बरामदगी मामले में दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार रखने एवं उनकी आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने अवैध हथियार बरामदगी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 12 जुलाई 2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने गांव केहरपुरा निवासी सुरजीत पुत्र राजकुमार को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना जुई कलां में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग अंकित किया गया था। मामले की गहनता से जांच एवं आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
अभियोग में आगामी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के जांचकर्ता मुख्य सिपाही पवन कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ दिनांक 26 जुलाई 2026 को बस अड्डा केहरपुरा क्षेत्र से मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश उर्फ धोलिया पुत्र विजेंद्र निवासी गांव केहरपुरा, जिला भिवानी के रूप में हुई है।*
पुलिस पूछताछ में आरोपी राकेश ने बताया कि उसने बरामद अवैध देसी कट्टा व जिंदा कारतूस अपने दोस्त सुरजीत को उपलब्ध कराए थे। आरोपी खेती-बाड़ी का कार्य करता है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना जुई कलां एवं थाना तोशाम में लड़ाई-झगड़े के 05 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार, भिवानी भेजने के आदेश दिए गए।
— पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।।