*खनियाधाना में 3 लाख की जेवर चोरी का खुलासा, दो आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार*
खनियाधाना, शिवपुरी।* आज शुक्रवार शाम 5:00 बजे खनियाधाना थाना पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर 3 लाख रुपये के जेवर चोरी के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर दो आरोपियों व एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
घटना 23-24 मई 2026 की रात की है। फरियादी अरविन्द्र पुत्र श्रीराम लोधी, निवासी मजरा रामनगर ग्राम मुहारीकला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने कमरे की अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के करीब 3 लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। इस पर थाना खनियाधाना में अपराध क्रमांक 186/2026 धारा 305ए, 331 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अति. पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देश पर SDOP पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों व एक बाल अपचारी को पकड़ा और चोरी गए पूरे जेवर बरामद कर लिए।
सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपियों को उपजेल पिछोर भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सराहना हो रही है।