सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में चला स्वच्छता अभियान
________________
एनएसएस के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में की सहभागिता
________________
स्वच्छ परिसर से स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण : प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान
________________
खरगोन 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में लगभग 147 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वयंसेवकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास सहित महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की तथा परिसर में बिखरी पॉलिथीन एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला।
अभियान के दौरान पेड़-पौधों के आसपास भी साफ-सफाई की गई। पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए ट्री-गार्ड एवं क्यारी निर्माण का कार्य भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि अपने घर, आसपास के क्षेत्र एवं महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखना तथा दूसरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।
जिला संगठक अधिकारी डॉ. सुरेश अवासे ने कहा कि वर्तमान समय में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। महाविद्यालय परिसर जितना स्वच्छ और साफ-सुथरा रहेगा, वातावरण उतना ही स्वस्थ एवं सकारात्मक बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से गुटखा, तंबाकू आदि का सेवन कर परिसर की दीवारों को गंदा नहीं करने तथा महाविद्यालय की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
डॉ. सावित्री भगोरे ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जन-जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश दिया था। आज सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता के प्रति जागरूकता से ही स्वच्छ भारत एवं विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता बनाए रखने तथा महाविद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Oct 7, 2026