रफ्तार का कहर: साइकिल सवार को टक्कर मार ट्रक से टकराई कार, बुजुर्ग की मौत, पांच घायल
कुल्लू। जिला कुल्लू के पुलिस थाना भुंतर के तहत जिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक कार ने आगे चल रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क पर चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक अजय कुमार (27) अपने चार अन्य दोस्तों के साथ लाहौल-स्पीति से औट की ओर जा रहा था। जिया के पास कार चालक ने आगे चल रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
इस हादसे में कार चालक अजय कुमार (27), हर्षित (24), अमन (24), श्रुति (24) और सचिन (22) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में घायल साइकिल सवार सावणू राम (62), निवासी जिया, जिला कुल्लू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेगूबेहड़ ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कुल्लू रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी कुल्लू अभिषेक ने बताया कि पुलिस थाना भुंतर में कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के संबंध में आगामी कार्रवाई कर रही है।
#accident #Kullu #caraccident #himachalpradesh