एसडीएम द्वारा बड़ौदा क्षेत्र के ग्रामों का भ्रमण
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में एसडीएम श्री गगन मीणा द्वारा तहसील क्षेत्र बड़ौदा के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं एवं राजस्व कार्यों का जायजा लिया गया।
भ्रमण के दौरान ग्राम राजोरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया, साथ ही बच्चों से चर्चा कर शिक्षा की गुणवत्ता का आंकलन भी किया गया।
इस दौरान विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती प्रियंका तेजरा क्लास रूम मे बच्चों को अध्यापन कार्य के स्थान पर मोबाइल चलाते हुए पाई गई, साथ ही कक्षा-कक्ष में शिक्षिका के पति भी मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए उपस्थित पाए गए, जबकि वे विद्यालय के शिक्षक नहीं हैं, उक्त स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम द्वारा विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए है।
इसके पश्चात आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने एवं बच्चों को निर्धारित सेवाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान ग्राम बासोंद एवं पनवाड मे फार्मर रजिस्ट्री संबंधी कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व से अवगत कराया गया। ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र किसानों को फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही संबंधित पटवारी के राजस्व कार्यों का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। राजस्व संबंधी लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा अपने दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026