बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर हिसार पुलिस की सख्ती, 16 हजार रुपये का चालान : एसपी सिद्धान्त जैन*
हिसार, 21 जुलाई। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस बरवाला ने कार्रवाई करते हुए एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक का 16,000 रुपये का चालान किया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि ट्रैफिक टीम बरवाला के प्रभारी उप निरीक्षक जयबीर द्वारा बरवाला बाईपास पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ पाया गया, जिससे पटाखे जैसी तेज आवाज निकल रही थी। इसके अलावा वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार 16,000 रुपये का चालान किया गया।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालना कानूनन अपराध है। इससे ध्वनि प्रदूषण फैलता है, आमजन को असुविधा होती है तथा सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक और राहगीर भी अचानक घबराकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। ऐसे वाहन सामाजिक शांति एवं यातायात सुरक्षा दोनों के लिए खतरा हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि हिसार पुलिस ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे बजाने, यातायात नियमों की अवहेलना करने अथवा वाहनों में अवैध संशोधन करने वालों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से अपील की कि वे दिखावे के लिए अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और आमजन दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
#Hisar #HisarPolice
Hisar, Hissar | Jul 21, 2026