मारवाड़ी सम्मेलन ने लिया 21 हजार फलदार पौधे वितरित करने का संकल्प
16 अगस्त को होगा पौधा वितरण अभियान, 25 अगस्त को नई कार्यकारिणी के गठन पर होगी बैठक
झुमरी तिलैया - मारवाड़ी सम्मेलन कोडरमा जिला की एक बैठक श्री अग्रसेन भवन में संपन्न हुई। जिसमें पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले पौधा वितरण अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में इस वर्ष 21 हजार फलदार पौधों के वितरण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया। सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता और जनसहयोग पर बल दिया।बैठक में कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण भी मिलेगा। संगठन ने समाज के लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक के दौरान गत वर्ष आयोजित पौधा वितरण कार्यक्रम का आय-व्यय विवरण गोपाल सर्राफ ने प्रस्तुत किया, जिसकी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया। सर्वसम्मति से इस वर्ष के पौधा वितरण अभियान के लिए गौरव माहेश्वरी, विपुल चौधरी को परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 100 पौधों की लागत 4,000 रुपये निर्धारित की गई है और अधिक से अधिक आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 अगस्त को अगली बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।बैठक के अंत में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंस खाटूवाला, सज्जन शर्मा, हेमंत दुगड़, प्रदीप खाटूवाला ,विपुल चौधरी विजेता रहे। सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।बैठक में प्रान्तीयता पदाधिकारी प्रदीप केड़िया, अध्यक्ष राम रतन महर्षि, सचिव संदीप केड़िया, कैलाश चौधरी, सुरेश जैन, गोपाल सर्राफ, मनोज केडिया,संजय अग्रवाल वोटा, सज्जन शर्मा, महावीर खेतान, पीयूष भोजगड़िया, हेमंत दुगड़, प्रिंस खाटूवाला, गौरव माहेश्वरी, विपुल चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।