बारुण प्रखंड की समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाईं जनसमस्याएं, रेलवे अंडरपास व NH-19 बना प्रमुख मुद्दा #Aurangabad #BiharNews #bihar #viralreelsシ
बारुण (औरंगाबाद): बारुण प्रखंड मुख्यालय सभागार में शनिवार को प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नीरज कुमार ने की। बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ) श्री नारायण राय, बीपीआरओ विनोद कुमार वर्मा, प्रखंड प्रमुख धनिकलाल मंडल, उप प्रमुख प्रभावती देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य और मुखिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने पंचायतों की समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकांश प्रतिनिधियों ने बारुण रेलवे अंडरपास की समस्या को सबसे गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि आम दिनों में भी अंडरपास पर भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जबकि बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण यह समस्या और विकराल हो जाती है। पानी भर जाने से छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बाधित होता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, एंबुलेंस तथा दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बारुण केशव मोड़ से सिंदुरिया तक डायवर्सन की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इस मार्ग पर लगातार सड़क निर्माण एवं भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से जल्द डायवर्सन बनाने, संकेतक बोर्ड लगाने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
इसके अलावा बिजली, पेयजल, सड़क, नाली, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर की अन्य विकास संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया। बीडीओ नीरज कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा जाएगा और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गठौली पंचायत के बीडीसी रंजीत कुमार, भोपतपुर पंचायत के बीडीसी बलजीत सिंह, मुखिया कमलेश सिंह, बिजली विभाग के एसडीओ, जेई अजीत कुमार, पिपरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह, अशोक मुखिया, उप प्रमुख प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह सहित कई पंचायतों के बीडीसी सदस्य, मुखिया प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य पंचायत स्तर की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।