कुत्ते के काटने से महिला घायल, शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के चकरा खेवली गांव निवासी सरिता देवी ने जंसा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर उसके कुत्ते द्वारा काटने तथा शिकायत करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सरिता देवी के अनुसार रविवार की दोपहर करीब 01 बजे वह अपने खेत की ओर जा रही थीं। रास्ते में प्रदीप पटेल का घर है। आरोप है कि घर के पास मौजूद कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर पेट में काट लिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते के मालिक प्रदीप पटेल से शिकायत की। आरोप है कि इस पर प्रदीप पटेल गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए परिवार के लोगों को दौड़ा लिया।
सरिता देवी ने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि उक्त कुत्ते ने गांव निवासी सुरेंद्र पटेल की पुत्री सिमरन को भी दो बार काटकर घायल किया है। वही इस मामले में जंसा पुलिस ने उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुटी हुई है।
Rajatalab, Varanasi | Oct 7, 2026