बिहार में बुनियादी शिक्षा के स्तर को सुधारने और सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में सरकार ने आज एक बड़ा कदम उठाया है। माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा राज्य भर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन(आदर्श विद्यालय) का भव्य शुभारम्भ किया गया। यह पहल ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के छात्रों को निजी स्कूलों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से की गई है
इसी क्रम में बाँका जिले के सभी 11 प्रखंडों में भी एक-एक, कुल 11 आदर्श विद्यालयों का भी शुभारंभ किया गया।
जिले के चयनित आदर्श विद्यालय, जहाँ आज शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए, उनकी सूची निम्नवत् है—
1. एम.डी.एन. उच्च विद्यालय, डुमरामा (अमरपुर)
2. आर.एम.के. उच्च विद्यालय, बाँका
3. एस.एन.एस. उच्च विद्यालय, मोहनपुर (बाराहाट)
4. उच्च माध्यमिक विद्यालय, टेंगरा (बेलहर)
5. श्री दुर्गा उच्च विद्यालय, शक्तिनगर (बौंसी)
6. प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, भैरोगंज (चान्दन)
7. एस.एल.जी.पी.ए. उच्च विद्यालय, पटवा श्रीपाथर (धोरैया)
8. राज्यकृत उच्च विद्यालय, धौनी (रजौन)
9. उच्च विद्यालय, टेंगरा (बेलहर)
10. उच्च विद्यालय, कटोरिया
11. उच्च विद्यालय, कुर्माडीह (शंभुगंज)
इन आदर्श विद्यालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
आर.एम.के. उच्च विद्यालय, बाँका में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल, उप विकास आयुक्त एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी की उपस्थिति में शुभारंभ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।
आदर्श विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा उन्हें विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है। विद्यालयों में विज्ञान, गणित, कंप्यूटर एवं अन्य प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही विद्यालय भवनों का रंग-रोगन कराया गया है तथा प्रत्येक विद्यालय में एक मॉडल कक्षा विकसित की गई है।
इन मॉडल कक्षाओं में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) तथा पोषक क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। प्रत्येक विद्यालय में 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है।
आदर्श विद्यालय योजना के माध्यम से बाँका जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Jul 19, 2026