🚨 कर्णप्रयाग के सीमल्ट गांव में आधी रात भारी भूस्खलन, गोशाला ढही
चमोली: विकासखंड कर्णप्रयाग के सीमल्ट गांव में सोमवार देर रात करीब 2 बजे भारी भूस्खलन से हड़कंप मच गया। पहाड़ी से आए मलबे और बोल्डर गदेरे में गिरने से पानी का बहाव रुक गया, जिससे करीब 100 मीटर क्षेत्र में तालाब जैसी स्थिति बन गई है।
भूस्खलन की चपेट में आने से मुन्ना लाल की गोशाला पूरी तरह ढह गई। जमीन में आई दरारें उनके घर तक पहुंचने के बाद परिवार ने सुरक्षा के लिहाज से घर खाली कर दूसरे ग्रामीण के यहां शरण ली।
ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब 8 बजे से ही पत्थर और मलबा गिरने की आवाजें आ रही थीं। खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और रातभर जागकर स्थिति पर नजर रखी।
गदेरे में पानी जमा होने और जमीन में दरारें बढ़ने से ग्रामीणों में अब भी दहशत है। मंगलवार सुबह राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और तत्काल जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।
Dehradun, Dehradun | Oct 6, 2026