मिर्जापुर में जमीन विवाद ने लिया सनसनीखेज मोड़! विपक्षियों को फंसाने के लिए महिला ने खुद के पुआल में लगाई आग, पुलिस जांच में जुटी l
मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरुसंडी चौकी अंतर्गत जिउती गांव में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने विपक्षी पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से खुद के रखे पुआल में आग लगा दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोप लगाया जा रहा है कि काजू लाल यादव की पत्नी ने अपने पुआल में खुद ही आग लगाई, ताकि दूसरे पक्ष पर आरोप लगाकर पुलिस कार्रवाई कराई जा सके।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी जमीन कब्जे को लेकर विवाद और मारपीट की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गुरुसंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आग वास्तव में किस परिस्थिति में लगी, इसकी जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।