मिशन सेफ फ्यूचर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 41 चालान और 7 वाहन किए बंद
स्कूल वैन में क्षमता से अधिक मिले 30 से ज्यादा बच्चे, वाहन सीज; ओवरलोड ट्रक-ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर भी कार्रवाई
कासगंज। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत एआरटीओ ए.पी. मिश्रा के नेतृत्व में परिवहन विभाग ने बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान 5 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 2 वाहनों को निरुद्ध किया गया। इसके साथ ही ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 ओवरलोड ट्रक एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बंद किया गया।
सड़क सुरक्षा के अभियोग में कुल 36 चालान किए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 41 चालान किए गए और 7 वाहनों को बंद/निरुद्ध किया गया। कार्रवाई में कुल 2.20 लाख रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया।
चेकिंग के दौरान एक स्कूल वैन में 30 से अधिक स्कूली बच्चे सवार मिले। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जा रही वैन को परिवहन विभाग ने सीज कर दिया।
एआरटीओ ए.पी. मिश्रा ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से स्कूली वाहनों, ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Kasganj, Kasganj | Aug 19, 2026