*बाल लीलाओं से वृंदावन बना बस्ती, ‘बाल गोकुलम-2026’ में 70 नन्हे कृष्णों ने मन मोहा*
*जनपद बस्ती, 20 सितंबर 2026।* संस्कृति और संस्कारों को समर्पित अग्रणी संस्था संस्कार भारती, बस्ती इकाई द्वारा आयोजित ‘बाल गोकुलम-2026’ का भव्य और भावपूर्ण आयोजन शनिवार को श्रीहरि मैरिज हॉल, नेहरू तिराहा, मालवीय रोड, बस्ती में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों के बाल कृष्ण स्वरूप को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं वृंदावन बस्ती में उतर आया हो।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगेश्वर श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप विग्रह के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिन्हा (महामंत्री, संस्कार भारती गोरक्ष प्रांत), विशिष्ट अतिथि राणा प्रताप सिंह (उपाध्यक्ष, गोरक्ष प्रांत), डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा (उपाध्यक्ष, गोरक्ष प्रांत), पूर्णिमा तिवारी (अध्यक्ष, बस्ती इकाई) एवं डॉ. राजेश कुमार मिश्र (महामंत्री, बस्ती इकाई) द्वारा किया गया।
संस्था के ध्येय गीत ‘कला संकल्पना...’ के सामूहिक गायन से कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। इसके पश्चात डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा ने संस्कार भारती की स्थापना, उद्देश्य एवं ‘मन में संस्कार, सृजन में संस्कार’ के ध्येय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
*तोतली वाणी और मधुर लीलाओं से जीता दिल*
पूरे जिले से आए लगभग 70 प्रतिभागी बच्चों ने राधा-कृष्ण, बाल गोपाल, माखन चोर, मुरलीधर के रूप में मंच पर मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। किसी ने बांसुरी की धुन पर रास रचाया, तो किसी ने अपनी तोतली वाणी में गीता के श्लोक, सूरदास के पद और कृष्ण भजनों का सजीव पाठ कर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। बच्चों की मासूम अदाओं और बाल लीलाओं ने पूरे सभागार को कृष्णमय बना दिया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका सुप्रिया उपाध्याय एवं सत्या मिश्रा (उपाध्यक्ष, संस्कार भारती बस्ती) ने निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन महामंत्री डॉ. राजेश कुमार मिश्र एवं मंत्री सरिता शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया।
*मुख्य अतिथि ने कहा - बस्ती में वृंदावन के दर्शन हुए*
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिन्हा ने कहा, “आज बस्ती में बैठकर ऐसा लग रहा है जैसे मैं वृंदावन में बाल लीलाओं का साक्षात दर्शन कर रहा हूँ। कृष्ण का स्वरूप ही इतना मोहक है कि हर कोई उनकी ओर खिंचा चला आता है। आज के पाश्चात्य दौर में जब अभिभावक फैंसी ड्रेस में बच्चों को कार्टून कैरेक्टर बनाते हैं, वहां संस्कार भारती का यह प्रयास कि हमारे बच्चे अपने आराध्य, अपने महापुरुषों के रूप में आएं, यह अत्यंत सराहनीय और संस्कारों को जीवित रखने वाला है।”
प्रांतीय उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों की यह प्रस्तुति अद्भुत है। ईश्वर इनके अंदर के इस सात्विक गुण को सदैव बनाए रखें। उन्होंने आयोजन के लिए बस्ती इकाई की पूरी टीम को बधाई दी।
*विजेताओं के नाम -*
कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय एवं निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए।
*दोनों वर्गों में प्रथम पुरस्कार -* नील विशनानी, श्री त्रिपाठी
*द्वितीय पुरस्कार -* रघुराज प्रताप सिंह, हेनल बिस्नानी, अतुलिका सिंह, रिद्धि ओझा *तृतीय पुरस्कार -* रिशिता, कृष्णवी श्रीवास्तव, अनानी फतवानी, वेदांत पाठक, प्राजंल मिश्रा
सभी विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। अंत में संस्था की अध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं मीडिया का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उर्मिला पांडेय, निर्मला वर्मा, उषा पांडेय, कमला वर्मा, लता सिंह, शालिनी मिश्रा, सरिता शुक्ला, मीरा मिश्रा, मधुबाला श्रीवास्तव, स्नेहलता मिश्रा, राधिका शुक्ला, प्रीति श्रीवास्तव, अनुष्का श्रीवास्तव, अनन्या श्रीवास्तव, प्रिया शुक्ला, अंकित गुप्ता, रत्नेश पाण्डेय, भक्ति नारायण श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, दीपू श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद उपाध्याय सहित सैकड़ों अभिभावक और संस्कार भारती के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 20, 2026