कलाकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ दिया नशामुक्ति का संदेश, लोकगीत और नुक्कड़ नाटकों से किया जागरूक
चम्बा, 10 जुलाई।
प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा नशा निवारण को लेकर चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को जिला चम्बा के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोकगीतों, नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया।
अभियान के तहत आर्यन कला मंच उदयपुर के कलाकारों ने उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत कल्हेल और कोटि, जबकि माँ सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत छतराड़ी और गैहरा में जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहा।
कलाकारों ने अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाओं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण नशा निवारण पर आधारित नुक्कड़ नाटक और लोकगीत रहे। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, स्वरोजगार और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कलाकारों ने लोगों से अपील की कि वे प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
#Chamba #HimachalPradesh #PublicAwareness #DrugFreeIndia #SayNoToDrugs #SocialWelfare #GovernmentSchemes #StreetPlay #FolkCulture #YouthEmpowerment #CommunityAwareness #HimSandesh #Minjar2026 #HimachalNews #AwarenessCampaign
Saach, Chamba | Jul 10, 2026