मधुबनी प्रेस क्लब में मनाया गया राष्ट्रीय प्रेस दिवस,
‘लोकलुभावन अथवा जवाबदेह पत्रकारिता’ विषय पर हुई परिचर्चा
~~~~~~~~~~~~~~
मधुबनी,
16 नवंबर 2026
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को प्रेस क्लब, मधुबनी में पत्रकारों के लिए परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का विषय ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन अथवा जवाबदेह’ रखा गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने की। इस अवसर पर प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, न्यूज पोर्टल, यूट्यूब चैनल एवं सोशल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
परिचर्चा के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, प्रेस की स्वतंत्रता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा वर्तमान डिजिटल युग में निष्पक्ष एवं विश्वसनीय समाचारों की आवश्यकता पर भी विस्तार से विमर्श किया गया। डीपीआरओ ने सभी पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनायें
देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। मीडिया शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर मीडिया व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रकाशन एवं प्रसारण करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना, जनसमस्याओं को आवाज देना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना भी है।
उन्होंने समाचारों के संकलन एवं प्रसारण में तथ्यात्मक सत्यापन, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखने पर बल दिया। साथ ही कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार बेहद तीव्र हो गया है। ऐसे में किसी भी खबर को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है। भ्रामक, अपुष्ट एवं गलत खबरों से बचते हुए पत्रकारों को तथ्यपरक खबरों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भिक होकर पेश करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकप्रियता, व्यूज और टीआरपी की प्रतिस्पर्धा में समाचारों की विश्वसनीयता एवं सामाजिक सरोकारों से समझौता नहीं होना चाहिए। समाचार की गति से अधिक उसकी सत्यता और विश्वसनीयता महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता की सफलता केवल पाठकों, दर्शकों अथवा व्यूज की संख्या से नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता, जनोपयोगिता और समाज में अर्जित विश्वास से निर्धारित होती है।
परिचर्चा में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक दायित्व शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति सामने लाना तथा समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को उचित मंच प्रदान करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सद्भाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी समाचारों में पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए।
वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। किसी भी समाचार को प्रसारित करने से पहले सभी संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण समझना, तथ्यों की पुष्टि करना तथा जल्दबाजी मे गडबडी न हो इसका ध्यान रखना पत्रकारिता की अनिवार्य नैतिक जिम्मेदारी है। पत्रकारिता न तो किसी सत्ता का प्रचार माध्यम बने और न ही केवल लोकप्रियता हासिल करने का साधन, बल्कि उसे जनता और व्यवस्था के बीच एक विश्वसनीय संवाद सेतु की भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता और पेशेवर जिम्मेदारी को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। परिचर्चा का मूल संदेश रहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता क्षणिक लोकप्रियता दिला सकती है, लेकिन जवाबदेह और निष्पक्ष पत्रकारिता ही समाज में स्थायी विश्वास अर्जित करती है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इस आयोजन ने पत्रकारिता के लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों पर सार्थक विमर्श का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर कई पत्रकारगण उपस्थित हुए तथा अपना विचार साझा किये। इसमे श्री करीमुल्लाह जी, श्री संदीप कुमार, श्री नितेश कुमार, श्री सोनू कुमार, श्री ए बी सिद्दीक़ी, श्री फिरोज आलम, श्री एसएन मिश्रा, श्रीमती सरोज झा, श्री अखलाक सिद्दीकी, श्री नेहाल जी, श्री शक्ति ठाकुर सहित कई अन्य पत्रकार गण उपस्थित थे।
#MadhubaniFirst
Madhubani, Bihar | Nov 16, 2026