देसी गौवंश पालन को प्रोत्साहन: भिण्ड के वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता
पशुपालकों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
पांचों वृंदावन ग्रामों में गोहद के सुनील सर्वाधिक 19.420 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ अव्वल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वाकांक्षी योजना गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत भिण्ड जिले की सभी विधानसभाओं के वृंदावन ग्रामों में 30 एवं 31 अक्टूबर को देसी गौवंश की दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित हुई। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की इस प्रतियोगिता में पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देसी गायों के दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाया।
गोहद के सुनील रहे सर्वाधिक उत्पादक
विधानसभा क्षेत्र गोहद के वृंदावन ग्राम रतवा में पशुपालक श्री सुनील की देसी गाय ने प्रतिदिन कुल 19.420 लीटर दूध देकर जिले में सर्वाधिक उत्पादन किया। इसी ग्राम में श्री शिवराज ने 13.283 लीटर दूध के साथ दूसरा और श्री केशव ने 12.292 लीटर दूध के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
मेहगांव में सूरजभान सिंह अव्वल
विधानसभा क्षेत्र मेहगांव के वृंदावन ग्राम सोनी में श्री सूरजभान सिंह की गाय ने प्रतिदिन कुल 18.060 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान पाया। श्री राजकमल 17.575 लीटर दूध के साथ द्वितीय तथा श्री मुरारी 15.633 लीटर दूध के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
लहार में मनोज शर्मा ने मारी बाजी
विधानसभा क्षेत्र लहार के वृंदावन ग्राम काथा में श्री मनोज शर्मा की गाय ने प्रतिदिन कुल 17.429 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री धर्मेन्द्र शर्मा 10.244 लीटर दूध के साथ दूसरे और श्रीमती रजनी 8.544 लीटर दूध के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
भिण्ड क्षेत्र में अमर सिंह ने लहराया परचम
विधानसभा क्षेत्र भिण्ड के वृंदावन ग्राम नुन्हाटा में श्री अमर सिंह की गाय ने प्रतिदिन कुल 17.230 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान जीता। श्री लाखन सिंह ने 15.096 लीटर दूध के साथ दूसरा और श्री अजय प्रताप ने 14.023 लीटर दूध के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
अटेर में पूरन प्रथम
विधानसभा क्षेत्र अटेर के वृंदावन ग्राम दैपरा में पशुपालक श्री पूरन की गाय ने प्रतिदिन कुल 14.623 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान पाया। श्री तिलक सिंह 10.758 लीटर दूध के साथ द्वितीय तथा श्रीमती सुनीता 9.574 लीटर दूध के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को मिलेगा इनाम
योजना के तहत प्रत्येक वृंदावन ग्राम में प्रथम स्थान पाने वाले पशुपालक को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
देसी गौवंश संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन, संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना, दुग्ध उत्पादन बढ़ाना तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। भिण्ड जिले के पशुपालकों की सक्रिय भागीदारी से यह प्रतियोगिता गौपालन को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind
31 views | Bhind, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026