सिमरी थाना क्षेत्र के गौरा गांव में एक आम के पेड़ से 28 साल के राजा पासवान का शव गमछे के सहारे लटका मिला। राजा पासवान तीन बच्चों के पिता थे। यह घटना सोमवार सुबह की है।
भरवाड़ा न्यूज:- ठाकुर जी
गांव की एक महिला सुबह बकरी चराने आम के बाग में गई थी, तब उसने शव को पेड़ से लटका देखा। इसके बाद उसने गांव वालों को इसकी जानकारी दी।
मृतक की पत्नी रंजना देवी ने पति की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि उनके पति राजा पासवान रविवार दोपहर 2 बजे किसी काम से सिमरी चौक गए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। रंजना देवी ने कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए।
रंजना देवी की शादी राजा पासवान से आठ साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं - संध्या कुमारी (5-6 साल), सोनाक्षी कुमारी (3 साल) और दुर्गा कुमारी (1 साल)। राजा पासवान सिमरी चौक पर एक मिक्सर बनाने की दुकान पर काम करते थे।
रंजना देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे एक अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया था। उस फोन पर उन्होंने अपने पति को सिर्फ एक बार 'हैलो' कहते सुना और फिर फोन कट गया। इसके बाद वह नंबर स्विच ऑफ हो गया। रंजना देवी को शक है कि इसी नंबर वाले व्यक्ति ने उनके पति की हत्या की है।
मृतक राजा पासवान ने तीन दिन पहले ही किस्तों पर एक मोटरसाइकिल खरीदी थी। उनके परिवार में किसी से कोई विवाद या पैसों का लेन-देन नहीं था।
राजा पासवान के पिता धनेश्वर पासवान और मां सोसी देवी ने बताया कि राजा उनका सबसे छोटा बेटा था और रविवार दोपहर 3 बजे से घर नहीं लौटा था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर टू कमतौल एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन, सिमरी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थाना अध्यक्ष शशिकांत कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
जांच के लिए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम, टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि मृतक कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे, शायद नई मोटरसाइकिल के लोन चुकाने के तनाव के कारण। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। अज्ञात मोबाइल नंबर की भी टेक्निकल टीम जांच कर रही है।