सबजेल मंडलेश्वर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, बंदियों को बताए उनके कानूनी अधिकार
________________
बंदी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कर सकते हैं अपील, विधिक सेवा प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा निःशुल्क कानूनी सहायता
________________
न्यायाधीश ने बंदियों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य, खानपान एवं रहने की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
________________
खरगोन 16 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 14 से 20 नवंबर तक ‘न्यायोत्सवः विधिक सप्ताह’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर को सबजेल मंडलेश्वर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर के सचिव श्री राजकुमार चौहान ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन बंदियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से कानूनी सहायता उपलब्ध कराई गई है, उनके लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
उन्होंने बंदियों को बताया कि वे विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अपने प्रकरणों में अपील के लिए हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही जमानत के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनके रहने, खाने-पीने एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने बंदियों को भावनात्मक कल्याण एवं मानसिक सशक्तिकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में पुनः जुड़ने तथा सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक कानूनी एवं सामाजिक सलाह भी दी।
शिविर में उप अधीक्षक, सबजेल मंडलेश्वर श्रीमती श्वेता मीणा, जेल स्टाफ एवं बंदीगण उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 16, 2026