हरियाणा सरकार ने किए बोर्ड और निगमों में राजनीतिक नियुक्तियां
- हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन को मिले नए चेयरमैन, उपाध्यक्ष भी नियुक्त
- हांसी निवासी राजेश ठकराल को हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त
- दादरी निवासी अधिवक्ता राम किशन शर्मा को किया हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन का चेयरमैन नियुक्त
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने विभिन्न बोर्डों और निगमों में महत्वपूर्ण राजनीतिक नियुक्तियां करते हुए हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के पदाधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार हांसी निवासी राजेश ठकराल को हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं करनाल के सतीश गुप्ता और नारायणगढ़ के राकेश बिंदल को बोर्ड का वाइस चेयरमैन बनाया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि नियुक्त पदाधिकारियों की सेवा शर्तें एवं अन्य नियम मुख्य सचिव कार्यालय, राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार लागू होंगे। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी मानी जाएंगी।
इसी क्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत दादरी निवासी अधिवक्ता राम किशन शर्मा को हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनकी नियुक्ति भी मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार होगी।
Sirsa, Sirsa | Jun 10, 2026