*बाढ़ प्रभावित ग्रामों में जिला प्रशासन द्वारा राहत सामग्री एवं भोजन पैकेट का वितरण*
चित्रकूट, 03 सितंबर 2026।
जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह पूर्व राज्य मंत्री श्री चंदिका प्रसाद उपाध्याय तथा ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी श्री सुशील द्विवेदी की उपस्थिति में आज विकासखंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत अरछा बरेठी एवं इसके मजरा केवटन पुरवा तथा कुशवाहा पुरवा में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान लगभग 240 राहत किट तथा 250 लंच पैकेट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग ने कहा कि 29 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया था, जिससे जनपद के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी। वर्तमान में जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। बाढ़ के दौरान अरछा बरेठी सहित प्रभावित ग्रामों के संपर्क मार्ग बाधित हो गए थे। जिला प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ एवं पीएसी के जवानों को तैनात कर प्रभावित क्षेत्रों से संपर्क स्थापित कराया गया तथा आवश्यकता के अनुसार खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत किट एवं भोजन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी भी परिवार को आवश्यक खाद्य सामग्री के लिए कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 36 ग्राम पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हुई हैं। अब तक जनपद में लगभग 3,000 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं तथा लगभग इतनी ही अतिरिक्त राहत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ एवं अतिवृष्टि से जिन परिवारों की संपत्ति अथवा अन्य प्रकार की क्षति हुई है, उनका सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण के आधार पर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजापुर, तहसीलदार राजापुर सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Karwi, Chitrakoot | Sep 3, 2026