बोल बम के जयकारों से गूंजा बरोठा, जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रियों का भव्य स्वागत
मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर बाबा महाकाल के जलाभिषेक के लिए रवाना हुई जिले की प्रमुख बोल बम कावड़ यात्रा
बरोठा। धारा जी से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर बाबा महाकालेश्वर का जलाभिषेक करने के लिए निकली जिले की प्रमुख बोल बम कावड़ यात्रा का शुक्रवार शाम बरोठा नगर में भव्य प्रवेश हुआ। कावड़ यात्रियों के नगर में पहुंचते ही पूरा बरोठा ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, फल एवं प्रसादी वितरण कर कावड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया।
बोल बम कावड़ यात्रा संघ, धारा जी घाट के तत्वावधान में निकली इस यात्रा ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे नेवरी रोड स्थित अमर शहीद जागेश्वर धाकड़ की स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा ने नगर में प्रवेश किया। इस अवसर पर यात्रा संयोजक गिरधर गुप्ता, संरक्षक प्रदीप मेहता एवं दीपक पंडित का साफा बांधकर, शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
हर चौराहे पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर कावड़ यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। नेवरी रोड पर जितेंद्र नागर द्वारा केले वितरित किए गए, वहीं पवन नागर ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। हनुमान मंदिर चौक पर ग्राम पंचायत बरोठा, गल दरवाजा चौक पर कमल किशोर नागर परिवार, भैरू ओटला पर पटेल परिवार तथा चंपा चौक पर संस्था सनातनी द्वारा स्वागत किया गया।
इसी प्रकार घाटी ऊपर नीलकंठेश्वर सेवा समिति, झंडा चौक पर व्यापारी संघ, मां भगवती युवा मंच एवं पंडित परिवार सहित अन्य सामाजिक संगठनों एवं परिवारों ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया।
कन्या शाला चौराहे पर अर्जुन पहलवान द्वारा स्वर्गीय रमेश पहलवान की स्मृति में कावड़ यात्रियों को दूध वितरित किया गया। वहीं सुनील बागवान एवं शिवम पटेल मित्र मंडल द्वारा केले वितरित किए गए। पूरे नगर में जगह-जगह स्वागत के चलते माहौल भक्तिमय बना रहा।
राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी की सहभागिता
कावड़ यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, कांग्रेस नेता राजवीर सिंह बघेल, जय सिंह ठाकुर, विश्वजीत सिंह चौहान, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, जिला पंचायत सदस्य रूप सिंह धाकड़, महाजन चित्तौड़ा समाज अध्यक्ष राजन महाजन, गोपाल मेहता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।
नगर भ्रमण के बाद कावड़ यात्रा उप मंडी प्रांगण पहुंची, जहां महाआरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात सत्यनारायण मेहता की स्मृति में मेहता परिवार द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। बताया गया कि मेहता परिवार द्वारा लगातार 28 वर्षों से कावड़ यात्रियों के लिए भोजन प्रसादी कराई जा रही है।
महाआरती के बाद उज्जैन के लिए रवाना हुई यात्रा
शनिवार सुबह उप मंडी प्रांगण में कावड़ यात्रियों की महाआरती की गई। आरती के बाद प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार व्यापारी संघ अध्यक्ष पर्वत सिंह नागर के परिवार द्वारा कावड़ यात्रियों को फलाहारी खिचड़ी वितरित की गई। इसके बाद मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर कावड़ यात्री बाबा महाकाल, उज्जैन के लिए रवाना हुए।
पूरे आयोजन के दौरान बरोठा में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। नगर के विभिन्न मार्गों पर लोगों ने कावड़ यात्रियों का स्वागत कर उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की।
Dewas Nagar, Dewas | Aug 8, 2026