NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, देवघर के चार केंद्रों पर होगी परीक्षा। उपायुक्त ने 20 जून को मॉक ड्रिल कराने का दिया निर्देश।
देवघर :–जिला में आगामी NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल , पारदर्शी और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में इस बार कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस, व्हीलचेयर, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी रहेगी। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक जांच के साथ पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा सघन तलाशी भी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया है। साथ ही परीक्षा की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को लगातार फील्ड में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।
#khabardeogharlive #NEETUG2026 #NEET2026 #Deoghar #DeogharNews #Jharkhandnews