मऊ में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, पांच किसान सम्मानित
मऊ के हिंदी भवन सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और उनके संबोधन का किसानों एवं गणमान्य नागरिकों के बीच सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य मुख्य अतिथि और मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिला सहकारी बैंक मऊ के सभापति अखिलेश तिवारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के साथ सहकारिता और कृषि विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ एवं लाभकारी बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पांच किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, सहकारी समितियों के अध्यक्षों और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।