प्रेस विज्ञप्ति
भादरा में मुस्लिम सर्व समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
भादरा, 10 जुलाई। भादरा में मुस्लिम सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर नाज़िया इलाही खान द्वारा पैगंबर हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के संबंध में कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ईदगाह में इकट्ठा होकर पैदल चलकर नाज़िया इलाही को गिरफ्तार करो के नारो के साथ उपखंड कार्यालय में पहुंचे।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि इस प्रकार के बयान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले हैं तथा समाज में वैमनस्य और तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं। ज्ञापन में संबंधित प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अनुसार निष्पक्ष एवं सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा विवादित वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने ओर हमेशा के लिए बैन किये जाने की मांग की गई।
मौलाना एवं प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के पूजनीय व्यक्तित्व के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने ऐसे मामलों में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नबी की शान में गुस्ताखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी नागरिकों से शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर मुस्लिम सर्व समाज के गणमान्य नागरिक, मौलाना एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि भारत सरकार के गृह मंत्री, राजस्थान के मुख्यमंत्री तथा जिला कलेक्टर, हनुमानगढ़ को भी प्रेषित की गई।