बसों मे महिलाओं की सुरक्षा ‘फुल प्रूफ प्लान’, रोडवेज बस अड्डे पर खुद मोर्चे पर उतरे सीओ सिटी
.
#हरदोई। रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच हरदोई पुलिस की मुस्तैदी साफ नजर आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए सीओ सिटी अजीत चौहान खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते नजर आए।
शुक्रवार को सीओ सिटी ने पुलिस बल के साथ हरदोई रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। अचानक पुलिस अधिकारियों के पहुंचने से बस अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ गई। सीओ सिटी ने परिसर का बारीकी से जायजा लेने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं की चेकिंग कराई।
यात्रियों से सीधे संवाद, व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और बस अड्डे की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर विशेष नजर रखी जाए।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं और बहनों के आवागमन को देखते हुए बस स्टैंड पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। सीओ सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त और निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का मकसद साफ है—त्योहार की खुशियों के बीच सुरक्षा में कोई चूक न हो। सीओ सिटी की सक्रियता और मौके पर पहुंचकर व्यवस्था परखने से पुलिस की सतर्कता का संदेश भी साफ तौर पर दिखाई दिया।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Aug 28, 2026