कांगड़ा में अपराध के आंकड़े सामने! इस साल अब तक 1461 मामले दर्ज, 14 घोषित अपराधी गिरफ्तार |
Kangra Express
कांगड़ा : जिला कांगड़ा पुलिस की मासिक कल्याण एवं अपराध समीक्षा बैठक मंगलवार को धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने की। बैठक में जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, नशे के खिलाफ कार्रवाई और आगामी पर्यटन सीजन को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस वर्ष अब तक कांगड़ा जिले में 1461 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1446 मामले दर्ज हुए थे। पुलिस की ओर से NDPS एक्ट, एक्साइज एक्ट और अवैध खनन से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि इस महीने 14 घोषित अपराधियों (PO) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जिले में फिलहाल 171 मिसिंग पर्सन की रिपोर्ट लंबित है। इनमें 69 महिलाएं और 102 पुरुष शामिल हैं।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से एंटी-चिट्टा अवेयरनेस कैंपेन को बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। वहीं, NDPS के पुराने मामलों में संपत्ति जब्ती की कार्रवाई पर भी पुलिस का फोकस है। पिछले महीने दो मामलों में करीब 49.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
एसपी ने कहा कि अक्टूबर के बाद कांगड़ा में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। अधिकारियों को लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Kangra, Kangra | Oct 7, 2026