गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश, नशा मुक्ति का भी दिया गया आह्वान
चंबा, 09 जुलाई।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लोक संस्कृति के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को आमजन तक पहुंचाने का अभियान जारी है। बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कलाकारों ने गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ नशे के खिलाफ भी प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के तहत आर्यन कला मंच, उदयपुर के कलाकारों ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीसा और भजराडू में कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं आर्ट एंड कल्चर ग्रुप, सराहन के कलाकारों ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के समोट और टुंडी में अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा मां सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप, लेच के कलाकारों ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के हॉली और गरोला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने लोकगीतों, संगीत और प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाई। उन्होंने बताया कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।
इस अवसर पर लोगों को स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाएं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी विस्तार से दी गई। कलाकारों ने इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का भी आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया। कलाकारों ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान मनोरंजन के साथ-साथ महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
#HimachalPradesh #Chamba #PublicAwareness #GovernmentSchemes #SocialWelfare #StreetPlay #FolkCulture #DrugFreeIndia #NashaMuktBharat #InformationAndPublicRelations #CommunityAwareness #RuralDevelopment #HimSwavalamban #YouthAwareness #HimSandesh
Saach, Chamba | Jul 10, 2026