*झकरकटी टाटमिल मार्ग पर रोडवेज बसों का ठहराव बना जाम का सबब*
*सड़क पर खड़ी रहती हैं बड़ी संख्या में बसें , बाइक व छोटे वाहनों के आवागमन में परेशानी*
कानपुर । झकरकटी पुल से टाटमिल चौराहे तक सड़क पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के ठहराव के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बड़ी संख्या में रोडवेज बसें सड़क पर ही रुकती हैं , जिसके कारण सुबह से शाम तक कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
बताया जाता है कि झकरकटी पुल से टाटमिल चौराहे के बीच 100 से अधिक रोडवेज बसों का सड़क पर ठहराव होने से मार्ग पर उपलब्ध जगह सीमित हो जाती है । इसका सीधा असर बाइक सवारों और छोटे चारपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है । व्यस्त मार्ग होने के कारण वाहनों की कतार लगने पर राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है ।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बसों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराने के बजाय सड़क पर ही रोक दिया जाता है। विरोध करने पर कुछ चालक और परिचालक कथित तौर पर यात्रियों एवं राहगीरों से अभद्र व्यवहार करते हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि बसों के ठहराव को व्यवस्थित कर दिया जाए और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है ।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि व्यस्त झकरकटी टाटमिल मार्ग पर लगातार यातायात बाधित होने के बावजूद संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है । रोडवेज बसों के अनियंत्रित ठहराव और यातायात प्रबंधन की स्थिति ने व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
नागरिकों ने मांग की है कि सड़क पर बसों के अनधिकृत ठहराव को रोकने , निर्धारित स्थानों पर ही बसों को खड़ा कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि आम राहगीरों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके ।
Fatehpur, Fatehpur | Sep 16, 2026