मिर्जामुराद ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक,दो कांवरिया घायल
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हुए सड़क हादसे में दो कांवरिया घायल हो गए। दोनों प्रयागराज से गंगाजल लेकर वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर बने डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के महत्त्वा निवासी राजू विश्वकर्मा और भोला विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना पर राहगीरों ने तत्काल मिर्जामुराद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को खजुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों कांवरियों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।