एमडी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने चलाया पर्यावरण जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दिलाई प्लास्टिक मुक्त होने की शपथ
वाराणसी। सेवापुरी विकासखंड के अमरीपुर स्थित एमडी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों गद्दोपुर, पेडुका और तेंदुई में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्रों ने ग्रामीणों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के बीच कागज से बने झोले एवं पैकेट वितरित किए। साथ ही लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कागज अथवा कपड़े से बनी थैलियों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके और स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो।
कार्यक्रम में योगेश सैनी, अभयनाथ तिवारी सहित विद्यालय के छात्र आनंद पटेल, आशिवान पटेल, आदित्य प्रजापति, शिवांश सिंह, श्रेयांश सिंह और सत्यार्थ सरोज की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अमित सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और छोटे-छोटे प्रयासों से ही स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है।
#LetestUpdate #letestअपडेट 👇👇