आकांक्षी जिला विदिशा एवं बासौदा विकासखंड में NITI TARA की कार्यप्रणाली से प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षित किया गया
..
डेटा आधारित विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, संस्थागत क्षमता विकास पर रहा विशेष जोर
..
आकांक्षी जिला विदिशा एवं आकांक्षी विकासखंड बासौदा में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा आधारित समीक्षा एवं बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित किया गया था। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों में विकास संकेतकों की नियमित समीक्षा, विश्लेषण तथा समयबद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग, भोपाल के अवर सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जुलाई 2026 के द्वितीय सप्ताह से आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों में NITI TARA प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन EdCIL (India) Limited के विशेषज्ञों द्वारा किया गया । प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को NITI TARA टूलकिट के संचालन, डेटा संग्रहण एवं विश्लेषण, विकास संकेतकों की समीक्षा, प्रगति की निगरानी तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अधिकारियों को बताया गया कि डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया अपनाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, आधारभूत संरचना एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया सहित जिला एवं आकांक्षी विकासखंड बासौदा के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान नीति आयोग द्वारा किए गए नवाचारों एवं विभिन्न सुधारात्मक पहलों की विस्तृत जानकारी मास्टर ट्रेनर श्री जोहिब खान ने प्रोजेक्टर के माध्यम से दी। उन्होंने NITI TARA टूलकिट की कार्यप्रणाली, हेटा विश्लेषण, समीक्षा एवं कार्रवाई की प्रक्रिया को सरल और व्यवहारिक ढंग से समझाया। इसके साथ ही NITI TARA इंस्ट्रूमेंट का संचालन प्रशिक्षणार्थियों से मौके पर ही कराकर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे अधिकारियों ने स्वयं पोर्टल की कार्यप्रणाली को समझा और उसके प्रभावी उपयोग का अनुभव प्राप्त किया गया है।
सभी अधिकारियों ने निर्धारित समय पर प्रशिक्षण प्राप्त कर NITI TARA प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की जानकारी हासिल की। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि NITI TARA एक आधुनिक डेटा प्रबंधन एवं विश्लेषण प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रगति का नियमित आकलन, कमियों की पहचान तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे आकांक्षी जिला एवं विकासखंडों में विकास योजनाओं के परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने-अपने विभागों में प्रभावी रूप से करें, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जा सके तथा आकांक्षी जिला विदिशा एवं आकांक्षी विकासखंड बासौदा के विकास संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित हो सके। #vidisha #JansamparkMP
70 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 24, 2026