एक पेड़ माँ के नाम अभियान व स्वैच्छिकता अभियान के तहत पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है" — रत्नेश विजयवर्गीय
जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, मथुरी द्वारा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान एवं स्वैच्छिकता अभियान के अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य का आधार बनता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है।
विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनसहभागिता से ही संभव है। अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर अपने ग्राम को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में परामर्शदाता जितेंद्र पाटीदार, नवांकुर संस्था युवा टॉप कौशल संस्थान के प्रतिनिधि, समिति अध्यक्ष श्याम मईड़ा, ग्राम पंचायत सरपंच रूपचंद पाटीदार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रमेश खदेड़ा, धर्मेंद्र राठौड़, अशोक डिंडोर, शंकरलाल मईड़ा, बाबूलाल ओहारी सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
#JanSampark #ratlam