ढाबा कर्मचारी की हत्या मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
पलवल, 7 अगस्त 2026। पलवल पुलिस ने ढाबा संचालक और उसके कर्मचारी के साथ मारपीट कर कर्मचारी पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर हत्या करने के मामले में दूसरे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंचारी निवासी, हाल न्यू कॉलोनी रसूलपुर रोड निवासी गौरव के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में थाना शहर पलवल पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता विपिन दयाल उर्फ राजा ने शिकायत दी थी कि वह रसूलपुर चौक स्थित रॉयल ढाबा चलाता है।
शिकायत के अनुसार, 18/19 जून 2026 की रात ढाबा बंद करते समय स्कॉर्पियो में सवार पालेन्दर उर्फ पाले और उसका साथी गौरव वहां पहुंचे। दोनों शराब के नशे में थे और ढाबा बंद होने के बावजूद खाना मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने ढाबा संचालक और कर्मचारी रंजीत के साथ मारपीट की।
आरोप है कि पालेन्दर ने अपनी स्कॉर्पियो से घायल रंजीत के ऊपर दो बार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 19 जून 2026 को रंजीत की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में मुख्य आरोपी पालेन्दर उर्फ पाले को 7 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अब चौकी भवन कुंड प्रभारी उप-निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और यदि अन्य कोई व्यक्ति संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Palwal, Palwal | Aug 7, 2026