राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस का चुनाव आयोग के बाहर धरना
भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) इस मामले में शिकायत दर्ज कराने चुनाव आयोग पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आयोग के अधिकारी उनसे मिलने को तैयार नहीं हुए। इसके विरोध में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आयोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी और न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मामला केवल एक राज्यसभा सीट का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा का है।
नामांकन रद्द होने पर मीनाक्षी नटराजन ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में तीसरा प्रत्याशी उतारने से ही भाजपा की मंशा स्पष्ट हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। नटराजन ने कहा कि उनके पक्ष में सभी कानूनी तर्क रखे गए, लेकिन उन्हें पूरी तरह सुना भी नहीं गया और जल्दबाजी में फैसला सुना दिया गया।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक चुनाव की नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संघीय ढांचे और कथित तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ है। कांग्रेस इस निर्णय को सभी कानूनी मंचों पर चुनौती देगी।
#Congress
#MeenakshiNatarajan
#RajyaSabhaElection
#ElectionCommission
#MadhyaPradeshPolitics
Indore, Indore | Jun 9, 2026