सांदीपनि विद्यालय चौरई में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
===============================
जननायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर गत दिवस मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड चौरई द्वारा सांदीपनि विद्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और देश की स्वतंत्रता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं उपस्थितजनों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विकासखंड समन्वयक श्रीमती अफ्शा खान ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कमल कुमार ब्रम्हे ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और ऐतिहासिक संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता, सामाजिक जागृति और अधिकारों की चेतना जगाने वाले महान जननायक थे। उनका जीवन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर परामर्शदाता श्री संदीप शर्मा एवं श्री गहर सिंह मेंहदोले ने भगवान बिरसा मुंडा द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता तथा जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके विचार और संघर्ष आज भी सामाजिक एकता, आत्मसम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में श्रीमती संगीता पांडे एवं श्री मनीष तिवारी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन के पश्चात भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और जनजातीय गौरव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का मार्गदर्शन श्री अकील अहमद ने किया। रैली के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी नरेश जावरे, अनामिका महरोसिया, नीती सोनी, अनामिका बंदेवार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
#JanjatiyaGauravDiwas
#जनजातीय_गौरव_दिवस
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 16, 2026