इटावा कस्बे में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कोटा ग्रामीण पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए "ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग" के तहत 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के दो अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। कुछ दिन पहले जिला विशेष शाखा और इटावा पुलिस ने इन मकानों पर दबिश देकर देह व्यापार के मामले में 5 महिलाओं और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि खातौली रोड स्थित ये मकान अवैध रूप से बनाए गए थे और कथित तौर पर अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से निर्मित किए गए थे। नगरपालिका इटावा द्वारा नोटिस जारी करने के बाद गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से दोनों मकानों को गिरा दिया गया। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्ति और अवैध कार्यों में प्रयुक्त संपत्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम इटावा, नगरपालिका अधिकारी, पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
Ladpura, Kota | Jun 19, 2026