हरिद्वार अतिक्रमण हटाओ अभियान पर बवाल, व्यापारियों ने बंद किया बाजार
हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान उस समय विवाद का कारण बन गया जब नगर निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मंगलवार को नगर निगम की टीम बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी, तभी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने एक दुकान के सामने कूड़ा डाल दिया, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई। इसके विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारी को तत्काल हटाने व कार्रवाई करने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि जब तक दुकान के सामने डाला गया कूड़ा नहीं हटाया जाता और जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चारधाम यात्रा के चलते हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में बाजार बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।