लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें – जिपं सीईओ श्रीमती तिवारी
-------------------------------------------
सीएम हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष जोर, विभागवार हुई समीक्षा
-------------------------------------------
विदिशा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुरभि तिवारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न हुई बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती दीपा श्री काशवानी, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
▪️ जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तिवारी ने समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री कार्यालय, केंद्रीय मंत्री एवं प्रभारी मंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदन पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान तथा जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त एवं लंबित आवेदनों की भी विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक लंबित आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अतः अधिकारी आवेदनों के निराकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
▪️ समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन के 300 दिवस से अधिक समय से लंबित आवेदनों पर विशेष जोर दिया गया। जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन प्रकरणों का प्राथमिकता से परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक आवेदन में की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराई जाए। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न अभियानों के अंतर्गत अब तक संपादित कार्यों एवं उनकी प्रगति की भी समीक्षा की गई। श्रीमती तिवारी ने अभियानवार निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति तथा लंबित कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे शासन की योजनाओं एवं अभियानों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसमस्याओं के निराकरण में तत्परता बरतते हुए प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करें। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026