#नीट_परीक्षा_शांतिपूर्ण_जारी..
भरतपुर। जिले में रविवार को 17 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजामों के बीच 4072 अभ्यर्थी नीट परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं, जिससे आसपास के 300 मीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क बंद रहे। इसके साथ ही केंद्रों के 100 मीटर के दायरे की सामान्य दुकानें बंद कराई गई। परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से पहले अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की गई और कपड़ों में लगे मेटल के बटन, चेन व धागे तक कटवाए गए। सुबह 11 बजे से शुरू हुई एंट्री दोपहर 1:30 बजे तक चली, जिसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक परीक्षा का समय निर्धारित किया गया। भीषण गर्मी और धूप से राहत देने के लिए प्रशासन द्वारा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के परिजनों के लिए टेंट लगाए गए हैं। राहत की बात यह भी रही कि इस बार अधिकांश स्थानीय अभ्यर्थियों को गृह जिले में ही केंद्र आवंटित किए गए हैं।