ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्री के गले से लॉकेट काटने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार, ब्लेड, लॉकेट एवं ₹560/- नकद बरामद
आरा। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल परिसर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से आरपीएफ आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं राजकीय रेलवे पुलिस आरा के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ एवं जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से निगरानी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के क्रम में आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के पूर्वी FOB के नीचे दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा स्टेशन पर आने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया गया। संदेह के आधार पर पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई की गई।
दोनों की पहचान निम्न रूप में हुई—
1. गोलू डोम उर्फ नेपाली
निवासी–नागरिक परिसरणी के निकट, मुशहर टोली, पूर्वी रमना रोड, वार्ड नं. 10, थाना–नगर आरा, जिला–भोजपुर।
2. अजय डोम
निवासी–नागरिक परिसरणी के निकट, मुशहर टोली, पूर्वी रमना रोड, वार्ड नं. 10, थाना–नगर आरा, जिला–भोजपुर।
तलाशी के दौरान गोलू डोम उर्फ नेपाली के पहने हुए फूल शर्ट की ऊपरी बायीं जेब से एक अदद ब्लेड का टुकड़ा बरामद हुआ। वहीं अजय डोम के पास से लाल रंग के धागे में पिरोया हुआ सुनहरे रंग का सोने जैसा प्रतीत होने वाला लॉकेट, जिसमें दुर्गा की प्रतिमा अंकित थी, तथा ₹560/- नकद बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि उक्त लॉकेट अज्ञात रेल यात्री के गले से ब्लेड की सहायता से काटकर चोरी किया गया था। बरामद ब्लेड का टुकड़ा इसी प्रकार की घटना में प्रयुक्त किया जाना बताया गया। बरामद लॉकेट के संबंध में दोनों कोई स्वामित्व संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके तथा चोरी की बात स्वीकार की।
बरामद सामान को नियमानुसार जब्त करते हुए दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
आरपीएफ आरा व जीआरपी आरा द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्रियों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी एवं रेल अपराधों की रोकथाम हेतु अभियान लगातार जारी है।
Arrah, Bhojpur | Sep 26, 2026