*प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज को प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास :- मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
----
*नईदुनिया ने विश्वसनीयता और जनसरोकारों के माध्यम से पत्रकारिता में बनाई विशिष्ट पहचान*
---
*नईदुनिया प्रोमिनेंस अवार्ड-2026 में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 50 विभूतियां सम्मानित*
इंदौर, 26 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नईदुनिया ने पत्रकारिता में प्रतिबद्धता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों के माध्यम से विशिष्ट पहचान स्थापित की है। डिजिटल और एआई के दौर में नए समय के साथ कदमताल करते हुए नईदुनिया ने पत्रकारिता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित करना और उनके योगदान को समाज के सामने लाना सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को इंदौर के एक निजी होटल में नईदुनिया द्वारा आयोजित प्रोमिनेंस अवार्ड-2026 समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नईदुनिया और नवदुनिया ने पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का प्रभावी निर्वहन किया है। नईदुनिया ने मध्यप्रदेश के संस्कारों और मूल्यों को भी आगे बढ़ाया है। पत्रकारिता को जनसरोकारों से जोड़ते हुए विश्वसनीयता अर्जित की है। नईदुनिया और नवदुनिया देश के बड़े हिस्से में अपनी पहुंच और प्रभाव रखते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित कर रहा है। देश विरासत से विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश की धरती ने माखनलाल चतुर्वेदी जैसे अनेक महान पत्रकार और साहित्यकार दिए हैं। प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और अपनी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी प्रयास किए गए हैं। प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बेहतर एविएशन पॉलिसी के माध्यम से हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश से अबूधाबी के लिए विमान सेवा प्रारंभ की गई है और शीघ्र ही भोपाल से शारजाह के लिए भी विमान सेवा प्रारंभ होगी। इससे मध्यप्रदेश और अरब देशों के बीच संपर्क एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। शासकीय सेवकों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप प्रदान कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मॉडल के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक योगदान देता है, तो समाज स्वयं उसे सम्मानित करने के लिए आगे आता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रोमिनेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित सभी विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहें और प्रदेश तथा देश की बेहतरी में अपना योगदान दें।
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, उद्योग, इंजीनियरिंग, विशेषज्ञता और शिक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं विशिष्ट कार्य करने वाले लगभग 50 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को नईदुनिया प्रोमिनेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों की उपलब्धियों को सराहा गया।
कार्यक्रम में नईदुनिया एवं नवदुनिया के राज्य संपादक श्री सद्गुरुशरण अवस्थी ने स्वागत भाषण दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सम्मानित विभूतियों के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया। नईदुनिया के ऑपरेशन हेड श्री नरेश पाण्डे ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, पुलिस आयुक्त श्री संतोष सिंह, नईदुनिया एवं नवदुनिया के सीईओ श्री संजय शुक्ला, ऑपरेशन हेड श्री नरेश पाण्डे, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियां उपस्थित थीं।
----
#JansamparkMP #indore #इंदौर #ProminenceAwards #NewDuniy
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
PRO Jansampark Khargone
JDjansampark Indore
Indore, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026