पंचकूला में फुटपाथ अतिक्रमण पर पुलिस का एक्शन: स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू बिक्री, अवैध पार्किंग और रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ नगर निगम के सहयोग से पहले ही दिन 25 चालान, 5 वाहन इंपाउंड
आज बरवाला से हुई अभियान की शुरुआत, मौके पर पहुंचे डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह बोले- फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं, कब्जा करने वालों के लिए नहीं
पंचकूला/ 27 जुलाई:- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार से नगर निगम के सहयोग से विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध पार्किंग तथा फुटपाथों पर रेहड़ी-फड़ी, फल-सब्जी और चाय आदि की दुकानो व शैक्षणिक संस्थानों के आसपास फुटपाथों पर हो रहे अतिक्रमण, तंबाकू एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री, के कारण आमजन और विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी को समाप्त करना है। पुलिस का कहना है कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या व्यवसाय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि आज अभियान का पहला दिन था, कुछ समय से उन्हें इस संबंध में लगातार शिकायतें भी मिल रही थी,जिसके बाद उन्होंने स्वयं बरवाला चौक पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फुटपाथों पर खड़े पाए गए 25 वाहनों के चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 5 वाहनों को इंपाउंड किया गया।
उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद वाहन चालकों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और अन्य लोगों को भविष्य में फुटपाथों पर अतिक्रमण न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि तब तक लगातार जारी रहेगा जब तक जिले में फुटपाथों पर अवैध पार्किंग, रेहड़ी-फड़ी और अन्य प्रकार के अतिक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाते।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित करेंगे कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का वातावरण मिले। उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों का उपयोग केवल उनके निर्धारित उद्देश्य के लिए करें तथा नियमों का पालन कर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान ट्रैफिक थाना सूरजपुर के प्रभारी अभिषेक तथा बरवाला चौकी प्रभारी गुरपाल सिंह सहित पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम भी अभियान में मौजूद रही।