40 किलो गांजा और चोरी की बोलेरो के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर। जिगना थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 40.545 किलोग्राम अवैध गांजा, गांजा तस्करी में प्रयुक्त चोरी की बोलेरो, एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन और ₹1,200 नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे और वाहन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की रात बारावफात, रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर गोसीपुर नहर पुलिया के पास प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मीरजापुर से प्रयागराज की ओर जा रही बोलेरो संख्या CG15B8393 संदिग्ध प्रतीत हुई। वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसकी छत में बने विशेष बॉक्स में छिपाकर रखे 20 बंडलों में 40.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से अंजनी लाल श्रीवास्तव निवासी बक्सर, बिहार और रविन्द्र पाण्डेय निवासी बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया।
जांच में बोलेरो पर अंकित नंबर और उसके वास्तविक इंजन-चेसिस नंबर में अंतर मिला। सत्यापन करने पर बोलेरो का वास्तविक नंबर UP44AM3221 पाया गया। पुलिस के मुताबिक, यह वाहन अप्रैल 2025 में अमेठी के पीपरपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था और इस संबंध में मुकदमा भी दर्ज है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की बोलेरो में गांजा छिपाकर छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर से माण्डा, प्रयागराज ले जा रहे थे। प्रयागराज में एक व्यक्ति को वाहन सहित गांजा सौंपना था।
मामले में थाना जिगना पर धारा 319(2), 318(4), 317(2) बीएनएस एवं धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
#TodayMirzapur #MirzapurPolice #मीरजापुर #जिगना #GanjaSmuggling #गांजा_तस्करी #CrimeNews #PoliceAction #BreakingNews
Mirzapur, Mirzapur | Aug 27, 2026