गुरु पूर्णिमा का पर्व झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। धार्मिक नगरी क्यासरा स्थित प्राचीन काया वर्णेश्वर महादेव मंदिर में गुरु पूजन का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गुरु भक्तों ने भाग लेकर अपने गुरुओं का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान काया वर्णेश्वर महादेव मंदिर समिति के सभापति मोहन लाल व्यास का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक पूजन किया गया। साथ ही गुरुकुल के गुरुजी श्याम शर्मा का भी विधि-विधान से स्वागत एवं पूजन किया गया। सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु अपने-अपने गुरुओं का वंदन करने के लिए मंदिर पहुंचे और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को आत्मसात किया।
वहीं डग कस्बे के कुंड का मंदिर तथा चिंतामन गणेश मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपने गुरुओं का आशीर्वाद लिया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था और गुरु-भक्ति के वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
Ratlam, Ratlam | Jul 30, 2026