राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता: मंडी की बेटियों ने साईं होस्टल धर्मशाला को दी मात
पांच-पांच रेडों के रोमांचक मुकाबले में तीन अंकों से दर्ज की जीत, मंडी के लड़कों को शिमला ने हराया
ठोडो ग्राउंड सोलन में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता के पहले दिन मंडी जिला की लड़कियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साईं होस्टल धर्मशाला की टीम को कड़े मुकाबले में तीन अंकों से पराजित किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के अंक बराबर रहने के बाद मुकाबला पांच-पांच रेडों तक पहुंचा, जिसमें मंडी की बेटियों ने बाजी मार ली।
मंडी जिला के कबड्डी कोच मोलक राम ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी जिला और साईं होस्टल धर्मशाला के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पांच-पांच रेडों के आधार पर मुकाबले का फैसला हुआ, जिसमें मंडी जिला की टीम ने तीन अंकों से जीत हासिल की।
वहीं, टीम मैनेजर निर्मल राणा ने कहा कि साईं होस्टल धर्मशाला जैसी मजबूत टीम को हराना मंडी जिला की लड़कियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी जज्बे और प्रदर्शन के साथ मैदान में उतरेगी तथा जीत का सिलसिला जारी रखने का प्रयास करेगी।
दूसरी ओर, प्रतियोगिता के पहले दिन मंडी जिला के लड़कों की टीम को शिमला जिला की टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा। टीम मैनेजर देशराज ने बताया कि मंडी के खिलाड़ियों ने मुकाबले में कड़ा संघर्ष किया, लेकिन अंत में टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
जिला कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान श्यामलाल ठाकुर, सचिव नेत्र सिंह ठाकुर तथा एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने मंडी जिला की लड़कियों की टीम को शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उम्मीद जताई कि मंडी की टीमें आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी...रिपोर्टर: देशराज ठाकुर
Mandi, Mandi | Oct 22, 2026