नन्हें-मुन्नों को खूब भा रहा है जॉयफुल निपुण गृहकार्य
गृहकार्य को लेकर विद्यार्थियों व अभिभावकों में भारी उत्साह
पंचकूला 27 जून: जिला पंचकूला में उपायुक्त एवं मिशन डायरेक्टर निपुण पंचकूला मिशन श्री सतपाल शर्मा के नेतृत्व तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन चौधरी के मार्गदर्शन में संचालित निपुण पंचकूला मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए जारी किया गया जॉयफुल निपुण समर गृहकार्य बच्चों और अभिभावकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अवकाश के दौरान भी बच्चे पूरे उत्साह और रुचि के साथ गतिविधि आधारित गृहकार्य कर रहे हैं तथा अपने सीखने के अनुभवों को परिवार और अध्यापकों के साथ साझा कर रहे हैं।
जिला निपुण मिशन के नोडल अधिकारी एवं एफएलएन समन्वयक असिन्द्र कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किया गया यह समर पैकेट केवल पारंपरिक गृहकार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे बच्चों के समग्र विकास और अनुभव आधारित अधिगम को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है। गृहकार्य में ऐसी गतिविधियाँ शामिल की गई हैं जो बच्चों को अपने आसपास के वातावरण से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। इनमें एक महीने का घर का खर्च जानें, पुरानी चीज़ों का नया उपयोग, मापन, समय और दूरी, हमारे आसपास के पैटर्न, तोल-मोल, मेरे सफाई के साथी, पशुओं का खाना, मेरी छोटी मदद, पौधों के दोस्त, छूकर पहचानो, मौसम को जानो, पक्षियों की आवाज़ें, स्वाद पहचानो, चीज़ों को छांटो तथा मेरा छोटा निरीक्षण जैसी रोचक गतिविधियाँ प्रमुख हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चे गणित, भाषा और पर्यावरण अध्ययन से जुड़े महत्वपूर्ण कौशलों को सहज रूप से विकसित कर रहे हैं। साथ ही उनमें अवलोकन, विश्लेषण, रचनात्मकता, संवाद और समस्या समाधान जैसी क्षमताओं का भी विकास हो रहा है। विशेष बात यह है कि इस गृहकार्य में अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे घर का वातावरण सीखने के अनुकूल बन रहा है।
बच्चों का उत्साह इस बात से भी स्पष्ट होता है कि वे प्रतिदिन अपनी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्ड कर अपने अध्यापकों को भेज रहे हैं। अध्यापक इन वीडियो के माध्यम से बच्चों के सीखने की प्रगति का अवलोकन कर रहे हैं तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान कर रहे हैं। जिला स्तर पर प्राप्त वीडियो का संकलन कर विशेष वीडियो संग्रह तैयार किया जा रहा है, जिसे विभिन्न शैक्षणिक समूहों और मंचों पर साझा किया जाता है।
निपुण पंचकूला मिशन की इस अभिनव पहल को सोशल मीडिया पर भी व्यापक सराहना मिल रही है। विद्यार्थियों की गतिविधियों से संबंधित वीडियो और सफलताओं को फेसबुक, व्हाट्सएप चैनलों तथा यूट्यूब सहित विभिन्न डिजिटल मंचों पर साझा किया जा रहा है। जिला स्तर पर अब तक 2329 से अधिक वीडियो प्राप्त हो चुकी हैं, जो इस पहल की लोकप्रियता और प्रभावशीलता को दर्शाती हैं।
निपुण पंचकूला मिशन के तहत संचालित यह जॉयफुल गृहकार्य बच्चों में सीखने के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और जिज्ञासा को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा को आनंददायक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। इससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि ग्रीष्मावकाश के दौरान भी बच्चों का सीखना निरंतर जारी रहे और वे नए शैक्षणिक सत्र के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सके।
Panchkula, Panchkula | Jun 27, 2026