बाढ़ पूर्व तैयारियों की जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा, सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश।
आज दिनांक 09 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी,सहरसा,श्री दीपेश कुमार (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी के संबंध में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की अद्यतन सूची तैयार रखते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी राहत शिविरों, सामुदायिक रसोई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं की अग्रिम तैयारी पूर्ण रखने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने नावों, लाइफ जैकेट, बचाव उपकरण, राहत सामग्री एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के बीच सतत समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर निगम को जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं नालों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने, नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा आमजन को समय पर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम सहरसा, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
67 views | Samastipur, Bihar | Jul 9, 2026