यमुना के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का डीसीपी बल्लभगढ़ ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व राहत तैयारियों के दिए निर्देश
👉आपात स्थिति में कंट्रोल रूम, डायल-112 और स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना देने की अपील
फरीदाबाद, 14 जुलाई A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ को देखते हुए पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने मंगलवार को बल्लभगढ़ जोन के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा एवं राहत तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसीपी तिगांव अशोक कुमार, थाना छायंसा व तिगांव के प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीसीपी ने मोहना पुल, कटपुला और मंझावली पुल का निरीक्षण कर इन स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि यमुना का जलस्तर बढ़ता है तो इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सरपंचों और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें, ताकि आपात स्थिति में सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
डीसीपी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए स्कूलों और धर्मशालाओं जैसे सुरक्षित स्थान पहले से चिन्हित किए जाएं तथा लोगों को समय रहते वहां पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार रखी जाए। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने आमजन से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम (9999150000, 0129-2227200), डायल-112 या स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।